उदयपुर। दक्षिण भारतीय फिल्मों के चर्चित सितारे विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना 26 फरवरी को शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। दोनों ने राजस्थान के उदयपुर को अपना वेडिंग डेस्टिनेशन चुना है। शादी की रस्में शुरू हो चुकी हैं और आयोजन को संपन्न कराने के लिए पांच पंडितों की टीम भी उदयपुर पहुंच चुकी है।
जानकारी के अनुसार, यह विवाह दो अलग-अलग परंपराओं के अनुसार संपन्न होगा। गुरुवार सुबह 10 बजे विजय देवरकोंडा के परिवार की परंपरा के अनुसार तेलुगु रीति-रिवाज से विवाह की रस्में निभाई जाएंगी। इसके बाद शाम को रश्मिका मंदाना के पैतृक निवास कुर्ग की परंपरा के अनुसार कोडावा समुदाय के रीति-रिवाजों से शादी होगी।
इस निजी समारोह में केवल परिवार के सदस्य और बेहद करीबी दोस्त ही शामिल हो रहे हैं। फिल्म जगत से चुनिंदा हस्तियों को ही आमंत्रित किया गया है, जिनमें प्रसिद्ध निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा का नाम शामिल है। संदीप रेड्डी वांगा उदयपुर पहुंच चुके हैं। गौरतलब है कि विजय ने उनके साथ फिल्म अर्जुन रेड्डी और रश्मिका ने फिल्म एनिमल में काम किया है।
शादी का मुख्य कार्यक्रम उदयपुर शहर से दूर अरावली की पहाड़ियों के बीच स्थित मेमेन्टोस बाय आईटीसी रिसॉर्ट में आयोजित किया जा रहा है। झील के किनारे बसा यह रिसॉर्ट अपनी खूबसूरती के लिए जाना जाता है। परिवार से जुड़े सूत्रों के अनुसार, फिल्मी सितारों के लिए अगले महीने हैदराबाद में एक भव्य वेडिंग रिसेप्शन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें फिल्म इंडस्ट्री की बड़ी हस्तियां शिरकत करेंगी।