जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में एक कैफे के भीतर महिला के साथ दुष्कर्म की रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। शहर के अधारताल इलाके में स्थित एक कैफे में आरोपी जुनैद ने न केवल महिला की अस्मत से खिलवाड़ किया, बल्कि इस घिनौनी साजिश में कैफे संचालक और वहां का कर्मचारी भी शामिल रहे। पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश में छापेमारी कर रही है।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता की पहचान आरोपी जुनैद से एक परिचित के जरिए हुई थी, जिसने उसे मिलने के बहाने कैफे बुलाया था। वहां पहुँचते ही आरोपी उसे केबिन के भीतर ले गया और अश्लील हरकतें करने लगा। जब महिला ने विरोध किया और चिल्लाने की कोशिश की, तो आरोपी ने शातिर दिमाग लगाते हुए कर्मचारी से कहकर साउंड सिस्टम की आवाज तेज करवा दी ताकि महिला की चीखें बाहर न जा सकें। इसके बाद डरा-धमकाकर वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस अब कैफे की सुरक्षा और वहां के केबिन कल्चर की जांच कर रही है, जिसने अपराधियों को ऐसे कृत्यों के लिए सुरक्षित जगह मुहैया कराई।