दुर्ग में सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, बिना हेलमेट नहीं मिलेगा पेट्रोल

दुर्ग। कलेक्टर अभिजीत सिंह के निर्देश पर कलेक्टोरेट सभाकक्ष में सड़क सुरक्षा उपायों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। अपर कलेक्टर वीरेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में पेट्रोल पंप एसोसिएशन के सदस्यों और संचालकों को “नो हेलमेट, नो पेट्रोल” आदेश का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए। बैठक में पुलिस विभाग से एएसपी सुखनंदन राठौर और खाद्य विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।

अपर कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि जन सुरक्षा के मद्देनजर दोपहिया वाहन चालकों को बिना हेलमेट पेट्रोल नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए यह कदम अनिवार्य है। पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देशित किया गया कि वे इस संबंध में आम जनता के बीच व्यापक जागरूकता फैलाएं। यदि पेट्रोल पंप पर किसी प्रकार के विवाद की स्थिति बनती है, तो संचालक तुरंत पुलिस विभाग से समन्वय स्थापित कर सहायता ले सकते हैं।

एएसपी सुखनंदन राठौर ने भी हेलमेट की अनिवार्यता पर जोर देते हुए सभी संचालकों से प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह किया। बैठक के दौरान संचालकों ने अपनी व्यावहारिक कठिनाइयों से अधिकारियों को अवगत कराया, जिस पर प्रशासन ने हर संभव सहयोग का भरोसा दिया। इसके साथ ही, सभी पेट्रोल पंपों पर आम नागरिकों की सुविधा के लिए हवा, स्वच्छ पेयजल और साफ शौचालयों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश जारी किए गए हैं।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *