लखनपुर 33/11 केवी उपकेंद्र में ट्रांसफार्मर क्षमता वृद्धि, 5.0 एमवीए पावर ट्रांसफार्मर सफलतापूर्वक चार्ज

उपभोक्ताओं को मिलेगा बेहतर वोल्टेज, विद्युत आपूर्ति होगी अधिक सुदृढ़

अम्बिकापुर, 24 फरवरी 2026/ एसटीएन योजना के अंतर्गत लखनपुर 33/11 केवी उपकेंद्र में स्थापित 3.15 एमवीए क्षमता के पावर ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि कर 5.0 एमवीए कर दी गई है। उन्नत पावर ट्रांसफार्मर को दिनांक 24 फरवरी 2026 को सायं 5:32 बजे सफलतापूर्वक चार्ज कर विद्युत तंत्र से जोड़ दिया गया।

यह कार्य छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) के संचालन एवं संधारण (O&M) संभाग, अम्बिकापुर के कार्यपालन अभियंता के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। तकनीकी टीम द्वारा सभी आवश्यक परीक्षण एवं सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करते हुए ट्रांसफार्मर का सफल संचालन प्रारंभ किया गया।

ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि से लखनपुर क्षेत्र में निरंतर बढ़ रहे विद्युत भार को संतुलित करने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी। इससे उपभोक्ताओं को बेहतर वोल्टेज, अधिक स्थिर एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति प्राप्त होगी। साथ ही ओवरलोडिंग की समस्या में कमी आएगी तथा लाइन लॉस नियंत्रण में भी मदद मिलेगी।

विभागीय अधिकारियों ने बताया कि इस उन्नयन से घरेलू, कृषि एवं व्यावसायिक उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा। क्षेत्र में औद्योगिक एवं आर्थिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा, जिससे लखनपुर क्षेत्र के समग्र विकास को बल प्राप्त होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *