रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे दिन की कार्यवाही शुरू हो गई है। आज सदन में राज्य का बजट पेश किया जाना है, जिसे लेकर प्रदेश की जनता और राजनीतिक हलकों में काफी उत्सुकता है। बजट पेश करने से पहले वित्त मंत्री ओपी चौधरी अपने आवास से धर्मपत्नी डॉ. अदिति पटेल के साथ हाथ में बजट ब्रीफकेस लिए बाहर निकले।
सदन के लिए रवाना होने से पूर्व वित्त मंत्री ने अपनी पत्नी के साथ आवास स्थित भगवान शंकर की मूर्ति की विशेष पूजा-अर्चना की। इसके बाद वे वीआईपी रोड स्थित राम मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान राम का आशीर्वाद लिया और प्रदेश की खुशहाली की कामना की।
उल्लेखनीय है कि वित्त मंत्री ओपी चौधरी राज्य सरकार का यह तीसरा बजट पेश करने जा रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि इस बजट में प्रदेश के विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं और आर्थिक ढांचे को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा सकता है। बजट सत्र को देखते हुए विधानसभा के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।