चाऊमीन की प्लेट पर ‘संग्राम’: नूडल्स के चक्कर में टूटी शादी, बिना दुल्हन बैरंग लौटी बारात

कासगंज। उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जहाँ खाने की एक प्लेट ने खुशियों भरे माहौल को रणक्षेत्र में बदल दिया। यहाँ एक शादी समारोह के दौरान बाराती और घराती पक्ष के लोग चाऊमीन को लेकर आपस में भिड़ गए। विवाद इतना बढ़ा कि दुल्हन ने मंडप में बैठने से इनकार कर दिया और आखिरकार दूल्हे को बिना दुल्हन के ही वापस लौटना पड़ा।


चाऊमीन के स्टाल पर शुरू हुई ‘चकल्लस’

पूरी घटना गंजडुंडवारा क्षेत्र के श्रीराम गेस्ट हाउस की है। सिढपुरा इलाके से दूल्हा अपनी बारात लेकर धूमधाम से पहुंचा था। शादी की रस्में चल ही रही थीं कि अचानक खाने के स्टाल पर चाऊमीन को लेकर बारातियों और घरातियों के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते बात गाली-गलौज और फिर मारपीट तक पहुँच गई। नूडल्स के लिए मची इस ‘चकल्लस’ ने गेस्ट हाउस का माहौल पूरी तरह खराब कर दिया।

दुल्हन ने दिखाया साहस, कहा- ‘नहीं करनी शादी’

शादी के मंडप में बैठने से पहले जब दुल्हन को इस शर्मनाक हंगामे की खबर मिली, तो उसने कड़ा फैसला लिया। बारातियों के व्यवहार और मामूली बात पर हुए झगड़े को देखते हुए दुल्हन ने ऐसी जगह शादी करने से साफ मना कर दिया। घरवालों और रिश्तेदारों ने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन दुल्हन अपने फैसले पर अडिग रही।

पुलिस थाने में हुआ ‘समझौता’

हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और दोनों पक्षों के मुख्य लोगों को थाने ले गई। थाने में घंटों चली पंचायत और पुलिस की समझाइश के बाद भी बात नहीं बनी। अंत में दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से शादी कैंसिल करने का फैसला किया। इसके बाद दूल्हा और उसके परिजन बिना दुल्हन के ही वापस लौट गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *