एआई समिट हंगामा: दिल्ली पुलिस की यूपी और एमपी में छापेमारी, एक हिरासत में और गाड़ी जब्त

नई दिल्ली। इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 के दौरान भारत मंडपम में हुए यूथ कांग्रेस के हंगामे के मामले में दिल्ली पुलिस ने अपनी जांच तेज कर दी है। पुलिस की स्पेशल सेल और क्राइम ब्रांच की टीमों ने उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में छापेमारी की है। इस कार्रवाई के दौरान एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है और एक कार सीज की गई है।

कार से बरामद हुए पोस्टर और टी-शर्ट

दिल्ली पुलिस ने आरोपी कृष्ण हरि की कार दिल्ली से बरामद की है, जिसमें से प्रदर्शन में इस्तेमाल किए गए पोस्टर और टी-शर्ट जब्त किए गए हैं। पुलिस ने एक अन्य यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता को भी हिरासत में लिया है, जिसकी औपचारिक गिरफ्तारी की प्रक्रिया जारी है। इस मामले में पुलिस पहले ही चार कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर चुकी है और अब पूरे नेटवर्क और साजिश के कोण से जांच कर रही है।

क्या था पूरा मामला

शुक्रवार को भारत मंडपम में आयोजित समिट के दौरान यूथ कांग्रेस के करीब 10 कार्यकर्ताओं ने क्यूआर कोडेड पास के जरिए प्रवेश कर हंगामा किया था। प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी की और विवादित नारों वाली टी-शर्ट लहराईं। सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उन्हें मौके से हटाया था।

इन नेताओं के नाम आए सामने

पुलिस जांच में प्रदर्शन में शामिल नेताओं के रूप में यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव कृष्णा हरि, बिहार के प्रदेश सचिव कुंदन यादव, उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार और तेलंगाना के नरसिम्हा यादव के नाम सामने आए हैं। फिलहाल फरार अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।


Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *