धमतरी के मगरलोड में शादी समारोह के दौरान खूनी संघर्ष, चाकूबाजी में दुल्हन के भाई की मौत और चार घायल

धमतरी। जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र के ग्राम भोथीडीह में शनिवार की रात एक शादी समारोह की खुशियां मातम में बदल गईं। चौथीया कार्यक्रम के दौरान दुल्हन पक्ष और बैंड बाजा बजाने वालों के बीच हुए विवाद में दुल्हन के भाई की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। इस संघर्ष में चार अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिनमें से एक की स्थिति अत्यंत गंभीर बनी हुई है। पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गरियाबंद के मालगांव से आए दुल्हन पक्ष और बैंड दल के सदस्यों के बीच नाच-गाने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि बैंड दल के एक सदस्य ने चाकू निकालकर दुल्हन के भाई चंदन निषाद (23 वर्ष) पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में गंभीर चोट आने के कारण चंदन की मौके पर ही मौत हो गई। घटना में घायल हुए अन्य लोगों में तरुण ध्रुव की हालत नाजुक है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।

सूचना मिलते ही मगरलोड पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए स्वास्थ्य केंद्र भेजा। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दोनों पक्षों से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद से गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा बढ़ा दी है और ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *