गडग। कर्नाटक के गडग जिले में लोकायुक्त पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए शिरहट्टी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक चंद्रू लमानी को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया है। लोकायुक्त की टीम ने एक ट्रैप ऑपरेशन के दौरान विधायक को एक ठेकेदार से रिश्वत की राशि स्वीकार करते हुए रंगे हाथ पकड़ा। इस कार्रवाई के बाद राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है।
लोकायुक्त अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज मामले के आधार पर की गई है। इस संबंध में गडग जिले के चिंचली निवासी और लघु सिंचाई विभाग के प्रथम श्रेणी ठेकेदार विजय पुजार ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि विधायक और उनके सहयोगियों द्वारा निर्माण कार्यों की मंजूरी दिलाने के बदले रिश्वत की मांग की जा रही है।
जांच में सामने आया कि विधायक चंद्रू लमानी ने सड़क के किनारे रिटेनिंग वॉल निर्माण कार्य को स्वीकृत करने के बदले ठेकेदार से कुल 11 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाया और जब विधायक इस रकम में से 5 लाख रुपये की अग्रिम राशि ले रहे थे, तभी उन्हें दबोच लिया गया। लोकायुक्त पुलिस ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य और दस्तावेज भी जब्त किए हैं। फिलहाल विधायक को हिरासत में लेकर आगे की पूछताछ की जा रही है और मामले की गहन जांच जारी है।