बिलासपुर में पुरानी रंजिश को लेकर दो गुटों में खूनी संघर्ष, कांग्रेस नेता का बेटा और उसके चार साथी घायल

बिलासपुर। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत पुरानी रंजिश को लेकर युवकों के दो गुटों के बीच जमकर विवाद और मारपीट हुई। लखीराम ऑडिटोरियम के पास भेल खाने के दौरान शुरू हुए इस विवाद में चाकूबाजी हो गई, जिसमें कांग्रेस नेता का बेटा और उसके चार दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार कोनी निवासी कांग्रेस नेता त्रिलोक श्रीवास का बेटा आदित्य श्रीवास अपने दोस्तों के साथ भेल खाने गया था। वहां पहले से मौजूद युग मिश्रा, वेदांत गुप्ता और उनके साथियों ने आदित्य को देखकर गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट होने लगी। इसी बीच दूसरे पक्ष के युवकों ने चाकू निकालकर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

चाकूबाजी के इस हमले में आदित्य श्रीवास खून से लथपथ हो गया। उसे और उसके घायल दोस्तों को तत्काल उपचार के लिए किम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि दोनों गुटों के बीच पहले भी कोनी और राजेंद्र नगर चौक पर विवाद हो चुका है, लेकिन इस बार रंजिश खूनी संघर्ष में तब्दील हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने हमलावर युवकों के खिलाफ हत्या के प्रयास की धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *