नर्मदापुरम। मध्यप्रदेश के नर्मदापुरम जिले में ‘अमानत में खयानत’ का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहाँ एक वेयरहाउस से करीब 4 करोड़ 22 लाख रुपये की सरकारी मूंग गायब कर दी गई। माखननगर स्थित ‘एकलव्य वेयरहाउस’ में रखे गए सरकारी स्टॉक से 9899 बोरियां गायब मिलने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने इस मामले में वेयरहाउस की संचालिका, उसके रिश्तेदार और चौकीदार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
ताला टूटा तो खुली पोल
मूंग गायब होने का शक तब हुआ जब मध्यप्रदेश वेयरहाउस कॉर्पोरेशन के ब्रांच मैनेजर हेमंत चंदेल ने इसकी शिकायत की। इसके बाद 16 फरवरी को नायब तहसीलदार अंकित मौर्य और वेयरहाउसिंग लॉजिस्टिक कार्पोरेशन के अधिकारियों की मौजूदगी में वेयरहाउस का ताला तुड़वाया गया। जब अंदर जाकर बोरियों की गिनती की गई, तो अधिकारी दंग रह गए; रिकॉर्ड के मुकाबले 9899 बोरियां वहां से गायब थीं।
संचालिका और रिश्तेदार ने मिलकर लगाया चूना
जांच के बाद पुलिस ने वेयरहाउस की संचालिका आरती तोमर (निवासी इंदौर), उनके रिश्तेदार अमित तोमर और चौकीदार अमर कौल को इस घोटाले का जिम्मेदार माना है। इन तीनों पर सरकारी संपत्ति में हेराफेरी और अमानत में खयानत का केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में मूंग की बोरियां वेयरहाउस से बाहर कैसे निकाली गईं और इस काले खेल में और कौन-कौन शामिल है।