भारत मंडपम में एआई समिट के दौरान यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन, भाजपा ने बताया भारत की उपलब्धि के खिलाफ विरोध

नई दिल्ली। राजधानी के भारत मंडपम में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 के दौरान उस वक्त हड़कंप मच गया जब इंडियन यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। कांग्रेस कार्यकर्ता एआई समिट में इंडो-यूएस ट्रेड डील के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रदर्शनकारियों को वहां से हटाया।

पुलिस के अनुसार प्रदर्शन के दौरान चार से पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है। सुरक्षा एजेंसियां इस बात की जांच कर रही हैं कि इन लोगों ने कार्यक्रम स्थल के भीतर प्रवेश करने के लिए वैध पास या क्यूआर कोड का उपयोग किया था या नहीं। दिल्ली पुलिस का कहना है कि इस पूरे मामले में नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

वहीं इस प्रदर्शन को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कांग्रेस पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि उनके लिए एआई का मतलब एम्बिशियस इंडिया या आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस नहीं, बल्कि एंटी-इंडिया है। उन्होंने कांग्रेस को एंटी-नेशनल कांग्रेस करार देते हुए कहा कि जब दुनिया भर के दिग्गज और वैश्विक नेता इस समिट की सराहना कर रहे हैं, तब कांग्रेस भारत की उपलब्धियों का विरोध कर रही है।

शहजाद पूनावाला ने आगे कहा कि इस समिट की तारीफ फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, संयुक्त राष्ट्र महासचिव और टेक जगत के सुंदर पिचाई व सैम ऑल्टमैन जैसे बड़े नाम कर रहे हैं। यहां तक कि कांग्रेस नेता शशि थरूर ने भी इस आयोजन की सराहना की है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के कहने पर किया जा रहा यह प्रदर्शन देश की प्रगति के खिलाफ है। फिलहाल मौके पर स्थिति नियंत्रण में है और समिट की गतिविधियां सुचारू रूप से जारी हैं।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *