टॉक्सिक टीजर: यश का खूंखार अवतार और नेक्स्ट लेवल एक्शन, क्या फिल्म में होगा डबल रोल?

मुंबई। ‘KGF’ फेम सुपरस्टार यश के फैंस का इंतजार आखिरकार खत्म हुआ। उनकी मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन अप्स’ का धमाकेदार टीजर आज रिलीज कर दिया गया है। करीब 1 मिनट 55 सेकंड के इस टीजर ने सोशल मीडिया पर आते ही तहलका मचा दिया है। टीजर में यश का स्वैग, दमदार बैकग्राउंड स्कोर और रोंगटे खड़े कर देने वाले एक्शन सीन्स की भरमार है।

एक्शन और सस्पेंस से भरपूर टीजर
टीजर की शुरुआत बर्फीले पहाड़ों और एक रहस्यमयी मिशन की तैयारी से होती है। पूरे वीडियो में यश की शानदार एंट्री और उनका रफ-एंड-टफ लुक छाया हुआ है। डांस बार से लेकर खतरनाक फाइट सीक्वेंस तक, हर फ्रेम में यश का जलवा दिख रहा है। हालांकि, टीजर में कहानी को लेकर ज्यादा खुलासा नहीं किया गया है, लेकिन इसके ‘नेक्स्ट लेवल’ एक्शन ने यह साफ कर दिया है कि यश एक बार फिर बॉक्स ऑफिस पर सुनामी लाने को तैयार हैं।

क्या यश का होगा डबल रोल?
टीजर के अंत में दिखाए गए एक सीन ने फैंस के बीच खलबली मचा दी है। इसमें एक शख्स फाइट ट्रेनिंग करता नजर आ रहा है, जिसके छोटे बाल और छोटी दाढ़ी है। हालांकि चेहरा पूरी तरह साफ नहीं है, लेकिन कयास लगाए जा रहे हैं कि फिल्म में यश डबल रोल में नजर आ सकते हैं। सोशल मीडिया पर फैंस इसे लेकर काफी उत्साहित हैं और “फर्स्ट डे फर्स्ट शो” के नारे लगा रहे हैं।

स्टार कास्ट और रिलीज डेट
गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी इस फिल्म में यश के साथ कियारा आडवाणी, नयनतारा, हुमा कुरैशी और तारा सुतारिया जैसे बड़े सितारे नजर आएंगे। ‘टॉक्सिक’ 19 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। खास बात यह है कि बॉक्स ऑफिस पर इसकी सीधी टक्कर ‘धुरंधर 2’ से होने वाली है, जो इस मुकाबले को और भी दिलचस्प बनाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *