कोरबा में एकतरफा प्रेम में सनसनीखेज वारदात, शादी से इनकार करने पर युवती के पिता पर युवक ने चलाई गोली

कोरबा। जिले के बालको थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम संगम नगर में गुरुवार देर रात एकतरफा प्रेम के विवाद में एक युवक ने युवती के पिता पर गोली चला दी। इस हमले में पिता बाल-बाल बच गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, बालको नगर के इंदिरा नगर निवासी 22 वर्षीय साहिल मासी संगम नगर की एक नाबालिग युवती से एकतरफा प्रेम करता है। परिजनों का आरोप है कि साहिल काफी समय से युवती का पीछा कर उसे परेशान कर रहा था, जिसकी शिकायत पहले भी कई बार बालको थाने में दर्ज कराई जा चुकी थी।

गुरुवार रात करीब 11 बजे साहिल युवती के घर पहुंचा और शादी के लिए दबाव बनाने लगा। जब युवती के पिता मां लखन साहू ने इसका विरोध किया, तो विवाद बढ़ गया। आक्रोश में आकर साहिल ने अपने पास रखी बंदूक से पिता पर फायर कर दिया। गनीमत रही कि गोली उन्हें नहीं लगी और वे सुरक्षित बच गए।

घटना की सूचना मिलने पर बालको थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और आरोपी साहिल मासी को हिरासत में ले लिया। थाना प्रभारी युवराज तिवारी ने बताया कि मामला एकतरफा प्रेम से जुड़ा है। आरोपी के पास से हथियार जब्त कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपी के पास बंदूक कहां से आई और वह वैध है या नहीं।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *