राजस्थान हाईकोर्ट की जयपुर पीठ को मिली 9वीं बार बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा जांच के चलते सुनवाई में हुई देरी

जयपुर। राजस्थान हाईकोर्ट की जयपुर पीठ को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है। पिछले साढ़े तीन महीनों में यह 9वां अवसर है जब हाईकोर्ट प्रशासन को इस तरह का धमकी भरा मेल प्राप्त हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया और तत्काल डॉग स्क्वायड व बम निरोधक दस्ते को मौके पर भेजा गया।

पूरे परिसर की गहन तलाशी ली गई, हालांकि जांच में कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। इस सुरक्षा कवायद के कारण अदालत की नियमित कार्यवाही प्रभावित हुई और सुनवाई अपने निर्धारित समय से करीब आधा घंटा देरी से सुबह 11 बजे शुरू हो सकी। गौरतलब है कि शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत एक साइबर सिक्योरिटी सेमिनार में शामिल होने जयपुर आ रहे हैं। उनके आगमन से ठीक पहले मिली इस धमकी ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है।

रिकॉर्ड के अनुसार, हाईकोर्ट को सबसे पहले 31 अक्टूबर 2025 को धमकी मिली थी। इसके बाद दिसंबर माह में लगातार कई बार और वर्ष 2026 में अब तक दो बार ऐसे मेल आ चुके हैं। बार-बार मिल रही धमकियों से अदालती कामकाज लगातार प्रभावित हो रहा है।

इस मामले में साइबर विशेषज्ञों का कहना है कि आरोपी अक्सर वीपीएन का उपयोग करते हैं, जिससे उनका वास्तविक आईपी एड्रेस छिप जाता है। हालांकि, वीपीएन प्रदाता कंपनियों से डेटा प्राप्त कर आरोपी तक पहुंचा जा सकता है। फिलहाल पुलिस साइबर सेल की मदद से मेल भेजने वाले का सुराग लगाने का प्रयास कर रही है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *