मुंबई। फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के आवास पर हुई फायरिंग के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच और हरियाणा स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को बड़ी सफलता मिली है। एक संयुक्त ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने हरियाणा के बहादुरगढ़ से मुख्य शूटर सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए सभी आरोपी उत्तर प्रदेश के निवासी बताए जा रहे हैं, जिन्हें मुंबई लाया जा रहा है।
हरियाणा STF के एसपी विक्रांत भूषण के अनुसार, मुख्य शूटर दीपक विदेश में बैठे गैंगस्टर हरि बॉक्सर और आरजू बिश्नोई के सीधे संपर्क में था। जांच में सामने आया है कि इस हमले की साजिश लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े अपराधियों ने रची थी। आरजू बिश्नोई ने बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के वांटेड शुभम लोनकर से चर्चा के बाद रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग का प्लान बनाया था। मुख्य शूटर दीपक को इस काम के लिए 50 हजार रुपये एडवांस दिए गए थे।
मामले में अब तक कुल 11 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। इससे पहले सात आरोपियों को पुणे और उत्तर प्रदेश से पकड़ा गया था। घटना में शामिल सन्नी और सोनू ने निर्देशक के घर की रेकी की थी, जबकि ऋतिक ने शूटरों को छिपने में मदद पहुंचाई थी। 1 फरवरी की रात हुई इस घटना के बाद पुलिस ने रोहित शेट्टी की सुरक्षा बढ़ा दी थी। अब आगे की जांच के लिए आरोपियों को मुंबई पुलिस की एंटी एक्सटॉर्शन सेल को सौंप दिया गया है।