वैलेंटाइन डे पर दुर्ग पुलिस का सुरक्षा चक्र, 33 पेट्रोलिंग पार्टियां और महिला टीमें संभालेंगी मोर्चा

Valentine Day Police Security Plan : (रमेश गुप्ता ) भिलाई। आज 14 फरवरी को वैलेंटाइन डे के मद्देनज़र जिलेभर में पुलिस ने विशेष सुरक्षा प्लान लागू किया है। कानून व्यवस्था बनाए रखने, असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण रखने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से व्यापक पुलिस बंदोबस्त किया गया है।
वरिष्ठ अधिकारियों की मॉनिटरिंग
पूरे जिले की निगरानी के लिए 1 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, 5 नगर पुलिस अधीक्षक एवं 30 थाना प्रभारियों को उनके-अपने क्षेत्रों में जिम्मेदारी सौंपी गई है। सभी राजपत्रित अधिकारी अपने-अपने अनुभागों में निरंतर भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग करेंगे।
33 अतिरिक्त पेट्रोलिंग पार्टियां
जिले के विभिन्न थाना और चौकी क्षेत्रों में 33 अतिरिक्त पेट्रोलिंग पार्टियां तैनात की गई हैं। ये टीमें पार्क, गार्डन, मॉल, प्रमुख बाजार, पर्यटन स्थल और अन्य भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर लगातार गश्त करेंगी। इसके अलावा 21 प्रमुख स्थानों पर फिक्स प्वाइंट ड्यूटी लगाई गई है, जहां पुलिस बल की स्थायी उपस्थिति रहेगी।
महिला सुरक्षा पर विशेष ध्यान
महिला सुरक्षा टीम को पृथक रूप से संवेदनशील स्थलों, पार्कों और सार्वजनिक स्थानों पर तैनात किया गया है। डायल-112, कंट्रोल रूम और रिजर्व बल को त्वरित प्रतिक्रिया के लिए अलर्ट मोड में रखा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।
यातायात व्यवस्था भी दुरुस्त
यातायात शाखा द्वारा प्रमुख चौक-चौराहों पर अतिरिक्त बल तैनात कर यातायात सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। सभी थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश है कि किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि, हुड़दंग या कानून व्यवस्था भंग करने के प्रयास पर तुरंत वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से सार्वजनिक स्थलों पर शांति और मर्यादा बनाए रखने की अपील की है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को देने का आग्रह किया गया है। कानून व्यवस्था से समझौता करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *