प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में किसानों की आय दोगुनी हुई: रामू रोहरा
धमतरी। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक ठाकुर के निर्देशानुसार ग्राम रांवा, जिला धमतरी में जिला स्तरीय “बजट किसान जन-संवाद” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर निगम धमतरी के महापौर जगदीश ‘रामू’ रोहरा मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में किसानों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही और केंद्रीय बजट में कृषक कल्याण से जुड़े प्रावधानों पर विस्तृत चर्चा की गई।
महापौर जगदीश रामू रोहरा ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट पूर्णतः किसान हितैषी, दूरदर्शी एवं कृषि विकास को नई गति देने वाला है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसानों की आय दोगुनी करने, आधुनिक कृषि तकनीकों को बढ़ावा देने, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, फसल बीमा, किसान क्रेडिट कार्ड तथा विविध योजनाओं के माध्यम से गांव-गरीब-किसान को सशक्त किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं रहती, बल्कि योजनाओं को जमीन पर उतारकर परिणाम देती है। यह बजट कृषि क्षेत्र में नवाचार, भंडारण, मूल्य संवर्धन एवं बाजार सशक्तिकरण के नए द्वार खोलने वाला है।
महापौर ने किसानों से आह्वान किया कि वे शासन की योजनाओं की विस्तृत जानकारी लेकर अधिकतम लाभ प्राप्त करें और आधुनिक पद्धतियों को अपनाकर उत्पादन व आय में वृद्धि करें।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि भाजपा सरकार किसानों के सम्मान, सुरक्षा एवं समृद्धि के लिए प्रतिबद्ध है तथा गांवों के समग्र विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। यह बजट किसानों के आत्मविश्वास को मजबूत करने वाला और कृषि अर्थव्यवस्था को नई ऊर्जा देने वाला साबित होगा।
कार्यक्रम में डॉ. किरण बघेल (जिला प्रभारी), ठाकुर शशि पवार, रोहिताश मिश्रा, कवीन्द्र जैन, हेमंत चंद्राकर, अमन राव सहित किसान मोर्चा के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
जन-संवाद के दौरान किसानों ने अपनी समस्याएं एवं सुझाव भी रखे, जिनके निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम का उद्देश्य केंद्रीय बजट की जानकारी सीधे किसानों तक पहुंचाना और कृषि क्षेत्र में विकास की नई संभावनाओं पर व्यापक चर्चा करना रहा। जन-संवाद ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि भाजपा सरकार किसान हितों की प्रहरी है और विकास की धारा गांव तक पहुंचाने के लिए संकल्पबद्ध है।