बालोद। पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल ने पदीय कर्तव्यों के प्रति लापरवाही और वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना करने पर सख्त रुख अपनाया है। एसपी ने अर्जुन्दा थाना प्रभारी जोगेंद्र साहू और आरक्षक पंकज तारम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर लाइन हाजिर कर दिया है।
मामला आरक्षक के स्थानांतरण आदेश के पालन से जुड़ा है। जानकारी के अनुसार, एसपी योगेश पटेल ने 16 सितंबर 2025 को एक आदेश जारी कर आरक्षक पंकज तारम का तबादला अर्जुन्दा थाना से गुंडरदेही थाना किया था। आदेश के बाद सभी प्रभारियों को संबंधित कर्मचारियों को नवीन पदस्थापना के लिए कार्यमुक्त करने के निर्देश दिए गए थे।
इसके बावजूद अर्जुन्दा थाना प्रभारी जोगेंद्र साहू ने आरक्षक पंकज तारम को आज तक गुंडरदेही के लिए रवानगी नहीं दी। एसपी ने इसे स्पष्ट रूप से आदेश की अवहेलना, अनुशासनहीनता और स्वेच्छाचारिता माना है। आदेश में कहा गया है कि थाना प्रभारी और आरक्षक दोनों ने गैर-जिम्मेदाराना आचरण प्रदर्शित किया है, जिसके कारण यह निलंबन की कार्रवाई की गई है।
निलंबन अवधि के दौरान दोनों पुलिसकर्मियों को रक्षित केंद्र बालोद में संबद्ध किया गया है। इस दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी। एसपी की इस कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मच गया है और यह संदेश दिया गया है कि अनुशासनहीनता किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।