छत्तीसगढ़ में दर्दनाक सड़क हादसे: रायपुर में 3 और कोरबा में 2 की मौत, 5 घायल

छत्तीसगढ़ में गुरुवार रात अलग-अलग सड़क हादसों में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 लोग घायल हुए हैं। राजधानी रायपुर और कोरबा जिले में हुए इन हादसों से इलाके में सनसनी फैल गई।


केस 1: रायपुर में बाइक ने साइकिल सवार दंपती को मारी टक्कर, 3 की मौत

रायपुर के विधानसभा थाना क्षेत्र अंतर्गत विधानसभा रोड पर गुरुवार रात एक तेज रफ्तार बाइक ने साइकिल सवार पति-पत्नी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार युवक समेत तीनों लोग सड़क पर दूर-दूर तक जा गिरे और मौके पर ही गंभीर रूप से घायल हो गए।

ग्रामीणों के अनुसार, तीनों सड़क पर खून से लथपथ पड़े थे। बाइक सवार युवक कुछ देर तक आंखें खोलकर इधर-उधर देखता रहा, लेकिन अस्पताल ले जाते समय उसकी भी मौत हो गई।

मृतकों की पहचान बाइक चालक शुभम यादव (28), निवासी मांढर, और साइकिल सवार भोजराम विश्वकर्मा (58) तथा उनकी पत्नी प्यारी विश्वकर्मा (53), निवासी टेकारी के रूप में हुई है। हादसे में साइकिल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

घटना के बाद मौके पर भीड़ जुट गई और कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने तीनों शवों का पोस्टमॉर्टम कर परिजनों को सौंप दिया है।


केस 2: कोरबा में दो कारों की आमने-सामने टक्कर, 2 की मौत

दूसरी घटना कोरबा जिले के मोरगा चौकी क्षेत्र में स्थित केंदई नेशनल हाईवे पर झरना मोड़ के पास हुई। यहां गुरुवार देर रात दो कारों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 लोग घायल हो गए। इनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और एयरबैग खुल गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस के जरिए पोड़ी उपरोड़ा स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। गंभीर घायलों को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, एक कार में 4 और दूसरी में 3 लोग सवार थे। मृतकों में एक की पहचान धन सिंह यादव के रूप में हुई है, जबकि दूसरे की पहचान की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का कारण माना जा रहा है।


पुलिस कर रही जांच

मोरगा चौकी प्रभारी के अनुसार, हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। दोनों मामलों में पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच में जुटी हुई है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *