बिलासपुर। न्यायधानी में अपराध और हादसों की अलग-अलग खबरों के बीच पुलिस ने हुक्का बार और चोरी के मामलों में बड़ी सफलता हासिल की है, वहीं खुदकुशी और संदिग्ध मौत की घटनाओं ने शहर को झकझोर दिया है।
हुक्का बार पर दबिश, रंगे हाथों पकड़ाए युवक सिविल लाइन पुलिस ने वसुंधरा नगर के एक मकान में चल रहे अवैध हुक्का बार पर छापा मारा। पुलिस ने रिंग रोड-2 के पास घेराबंदी कर 3 बालिग और 3 नाबालिगों को धुएं का छल्ला उड़ाते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। मौके से हुक्का पॉट और तंबाकू जब्त किया गया है। पकड़े गए आरोपियों में विकास ठाकुर, अरबाज खान और रितेश विश्वकर्मा शामिल हैं।
NTPC कांटा घर चोरी: 4.33 लाख का सामान बरामद सीपत पुलिस ने एनटीपीसी फ्लाई कांटा घर में हुई चोरी का पर्दाफाश करते हुए 5 चोरों और 3 खरीदारों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने कांटा घर का ताला तोड़कर एसी, कंप्यूटर सेट, बैटरी और इन्वर्टर पार कर दिए थे। पुलिस ने इनके पास से 4.33 लाख रुपये का शत-प्रतिशत सामान बरामद कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों में दो नाबालिग भी शामिल हैं।
फांसी के फंदे पर झूलती मिली नाबालिग की लाश पचपेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम सोन में 17 वर्षीय ईश्वरी पटेल ने अपने ही घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। सुबह जब परिजनों ने खिड़की तोड़कर देखा तो बेटी पंखे से लटकी हुई थी। परिजनों के अनुसार छात्रा की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। पुलिस मर्ग कायम कर जांच कर रही है।
गले में रबर लपेटने से मासूम की मौत, सास पर हत्या का आरोप रायगढ़ से सिम्स रिफर होकर आए डेढ़ साल के मासूम विकेश राठिया की इलाज के दौरान मौत हो गई। बच्चे की मां ने अपनी ही सास पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उसने बच्चे के गले में रबर लपेटकर उसे मारने की कोशिश की थी। मासूम 5 दिनों तक अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझता रहा। पुलिस अब हत्या के आरोपों की जांच कर रही है।