जानें कौन हैं वो तीन नाबालिग लड़कियां? जिन्हें भिलाई पुलिस ने बिलासपुर से किया सकुशल बरामद, परिजनों की नाराजगी के बाद छोड़ा था घर

रमेश गुप्ता भिलाई । थाना सुपेला क्षेत्र अंतर्गत अर्जुन नगर कैंप-1 से लापता हुई तीन नाबालिग बालिकाओं को दुर्ग पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सकुशल बरामद कर लिया है। बालिकाएं वर्तमान में सुरक्षित चिल्ड्रन होम में हैं।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 06 फरवरी को दोपहर लगभग 4 बजे अर्जुन नगर सुपेला की रहने वाली तीन बालिकाएं परिजनों से नाराज होकर बिना बताए घर से निकल गई थीं। परिजनों द्वारा सूचना दिए जाने पर 07 फरवरी को थाना सुपेला में गुमशुदगी के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक सत्य प्रकाश तिवारी एवं उप पुलिस अधीक्षक (बालक विरुद्ध अपराध) चित्रा वर्मा के नेतृत्व में चार विशेष टीमों का गठन किया गया। टीमों द्वारा क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए, गवाहों से पूछताछ की गई तथा संभावित स्थानों पर लगातार खोजबीन की गई।

साथ ही, रेलवे सुरक्षा बल (RPF), जीआरपी एवं चाइल्ड लाइन से समन्वय स्थापित कर संयुक्त प्रयास किए गए। प्राप्त सूचनाओं के आधार पर रेल्वे पुलिस द्वारा तीनों बालिकाओं को उसलापुर, जिला बिलासपुर से सकुशल दस्तयाब किया गया।
उप पुलिस अधीक्षक चित्रा वर्मा ने बताया कि नियमानुसार बालिकाओं को सुरक्षित चिल्ड्रन होम में रखा गया है। परिजन दुर्ग पुलिस के साथ बिलासपुर के लिए रवाना हुए।

उप पुलिस अधीक्षक (बालक विरुद्ध अपराध) चित्रा वर्मा ने आम नागरिकों से अपील की है कि बच्चों के संबंध में किसी भी प्रकार की असामान्य स्थिति या गुमशुदगी की सूचना तत्काल नजदीकी थाना अथवा डायल 112 पर दें, जिससे समय पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *