कोरबा। जिले के बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र स्थित SECL कॉलोनी में एक मानव भ्रूण मिलने से हड़कंप मच गया। यह घटना कॉलोनी के पीछे नाली के पास सामने आई, जब स्थानीय निवासियों की नजर भ्रूण पर पड़ी। सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और कॉलोनी में यह खबर तेजी से फैल गई। बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंचकर भ्रूण को देखने लगे।
स्थानीय लोगों के अनुसार, भ्रूण नाली के किनारे पड़ा हुआ था, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि इसे किसी अज्ञात महिला द्वारा फेंका गया है। घटना की जानकारी मिलते ही बांकी मोंगरा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और क्षेत्र की घेराबंदी कर सुरक्षा सुनिश्चित की। पुलिस ने मानव भ्रूण को अपने कब्जे में लिया और प्रारंभिक जांच के बाद उसे पोस्टमार्टम और मेडिकल जांच के लिए भेज दिया।
पुलिस अब आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस इस मामले की गहन जांच कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह अवैध गर्भपात का मामला है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।