जांजगीर-चांपा में लूटपाट और मारपीट की वारदातों में 9 आरोपी गिरफ्तार, मास्टरमाइंड मुठभेड़ में गिरफ्तार


जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में पामगढ़ और शिवरीनारायण थाना क्षेत्र में 27 से 29 जनवरी के बीच लूटपाट और मारपीट की घटनाएं सामने आईं। इन वारदातों में 13 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से दो की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने इस मामले में दो नाबालिगों सहित 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, जब पुलिस रविवार सुबह इन वारदातों के मास्टरमाइंड को गिरफ्तार करने के लिए गई, तो आरोपी ने पुलिसकर्मियों पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी गिरोह सुनसान और अंधेरे रास्तों पर मोटरसाइकिलों से घूमकर राहगीरों को निशाना बनाता था। गिरोह के सदस्य सिर पर रॉड, लोहे के पाइप और डंडों से जानलेवा हमला कर मोबाइल और नकदी लूट लेते थे। शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के ग्राम कचंदा में तीन घटनाओं में मुकेश रायसागर और अमन बंजारे समेत कई युवक गंभीर रूप से घायल हुए। वहीं, पामगढ़ क्षेत्र के जोगिया नाला पुल, ग्राम मेउ और चेऊडीह में भी आरोपियों ने लोगों के साथ मारपीट की और लूटपाट की। इन हमलों में लक्ष्मण यादव को गंभीर चोटें आई हैं।

मुठभेड़ में मास्टरमाइंड के पैर में लगी गोली
घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए जांजगीर-चांपा पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की। अब तक आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। एक अन्य आरोपी को घेराबंदी के दौरान जब उसने पुलिस पर कट्टे से फायर किया, तो जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई। उसे अस्पताल में उपचार के बाद गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा, दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से स्टील रॉड, डंडे, बेल्ट, तीन मोटरसाइकिल, एक स्कूटी, सात मोबाइल फोन, लूटे गए मोबाइल और नकदी सहित करीब 4.09 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है। आरोपियों के खिलाफ थाना शिवरीनारायण और पामगढ़ में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं और उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

जांजगीर एसपी विजय कुमार पांडेय ने बताया कि रविवार सुबह बोड़सरा गांव में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई। बदमाश को घायल अवस्था में अस्पताल लाया गया है। एसपी ने कहा कि आरोपी कई डकैती की घटनाओं में शामिल रहा है और 27 से 29 जनवरी के बीच उसके गिरोह ने अलग-अलग जगहों पर 13 लोगों को घायल किया था। मामले की जांच जारी है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *