रायपुर। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने शनिवार शाम रायपुर के एक निजी अस्पताल पहुँचकर बीजापुर जिले के उसूर थाना क्षेत्र अंतर्गत कर्रेगुट्टा पहाड़ी में हुए आईईडी ब्लास्ट में घायल पुलिस जवानों से मुलाकात की और उनका हाल-चाल जाना। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों से जवानों के उपचार की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली तथा घायल जवानों के परिजनों से भी चर्चा की।
उपमुख्यमंत्री ने घायल जवानों से घटना के संबंध में जानकारी लेते हुए उनका मनोबल बढ़ाया और कहा कि शासन एवं प्रशासन हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ा है। उन्होंने अस्पताल में उपस्थित अधिकारियों और चिकित्सकों को निर्देश दिए कि जवानों के बेहतर और समुचित उपचार के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की जाएँ।


उन्होनें ने कहा कि नक्सल विरोधी अभियानों में तैनात हमारे जवान अत्यंत साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के साथ देश और प्रदेश की सुरक्षा में लगे हैं। उनका त्याग अतुलनीय है और सरकार उनके सम्मान व सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
उल्लेखनीय है कि बीजापुर जिले के उसूर थाना क्षेत्र के कर्रेगुट्टा पहाड़ी इलाके में 25 जनवरी को एक के बाद एक कुल छह आईईडी विस्फोट हुए थे। इन विस्फोटों में डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (डीआरजी) के 12 जवान घायल हो गए थे। यह घटना उस समय हुई, जब सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम तेलंगाना सीमा से लगे कर्रेगुट्टा हिल्स क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान पर निकली थी।


घटना के बाद सभी घायल जवानों को एयरलिफ्ट कर रायपुर लाया गया, जहाँ उनका उपचार एक निजी अस्पताल में किया जा रहा है। इनमें से छह जवानों को उपचार के बाद स्वस्थ होने पर डिस्चार्ज कर दिया गया है, जबकि शेष जवानों की स्थिति में भी लगातार सुधार हो रहा है।