रायसेन में आसमान से गिरा संदिग्ध इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, गांव में मचा हड़कंप; मौसम यंत्र होने की पुष्टि

मध्यप्रदेश के रायसेन जिले में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम मरखंडी में आसमान से गिरा एक संदिग्ध इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ग्रामीणों को मिला। खुले मैदान में पड़े इस यंत्र को देखकर लोगों में दहशत फैल गई और किसी अनहोनी की आशंका के चलते तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

डायल 100 की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को सुरक्षित किया। वरिष्ठ अधिकारियों को भी घटना की जानकारी दी गई। प्रारंभिक सुरक्षा जांच के बाद पुलिस ने सावधानीपूर्वक उस उपकरण को कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया।

विस्फोटक नहीं, मौसम विज्ञान से जुड़ा उपकरण निकला

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह कोई विस्फोटक या खतरनाक डिवाइस नहीं है। जांच के दौरान पता चला कि यह एक रेडियोसॉन्ड (Radiosonde) है, जिसका उपयोग मौसम संबंधी आंकड़े एकत्र करने के लिए किया जाता है। यह उपकरण आमतौर पर मौसम गुब्बारे के जरिए वायुमंडल की ऊंचाई तक भेजा जाता है और तापमान, आर्द्रता तथा वायुदाब जैसी जानकारियां मौसम केंद्रों को भेजता है।

मलेशिया मौसम विभाग से जुड़ा होने की आशंका

उपकरण पर दर्ज जानकारी के आधार पर यह मलेशिया के मौसम विज्ञान विभाग से संबंधित बताया जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि तेज हवाओं या मौसमीय बदलाव के कारण यह यंत्र हजारों किलोमीटर की दूरी तय करते हुए रायसेन जिले के मरखंडी क्षेत्र में आकर गिरा।

यह भी संभावना व्यक्त की जा रही है कि गुब्बारा उड़ान के दौरान किसी पक्षी या अन्य वस्तु से टकरा गया हो, जिससे वह फट गया और उपकरण नीचे आ गिरा।

पहले भी सामने आ चुकी है ऐसी घटना

गौरतलब है कि इससे पहले छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ क्षेत्र में भी इसी प्रकार का मौसम यंत्र गिरने की घटना सामने आ चुकी है, जो मलेशिया मौसम विभाग से जुड़ा बताया गया था।

फिलहाल पुलिस ने उपकरण को थाना परिसर में सुरक्षित रखवाया है और आगे की जानकारी के लिए संबंधित एजेंसियों से संपर्क किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *