रमेश गुप्ता : दुर्ग। मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन विष्णुदेव साय द्वारा आज 28 जनवरी 2026 को जिला दुर्ग में छत्तीसगढ़ पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन के माध्यम से निर्मित विभिन्न पुलिस भवनों और आवासों का वर्चुअल उद्घाटन किया गया। शासन की इस पहल से जिले के पुलिस बल और उनके परिवारों को आधुनिक सुविधाएं प्राप्त होंगी।
इन भवनों का हुआ लोकार्पण उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान निम्नलिखित नवनिर्मित भवनों को पुलिस विभाग को समर्पित किया गया:
नई पुलिस लाईन, दुर्ग में 36 अराजपत्रित अधिकारियों और 48 प्रधान आरक्षक/आरक्षकों के लिए नवनिर्मित आवास गृह।
दुर्ग में स्थित नवनिर्मित ट्रांजिट हॉस्टल।
नवनिर्मित थाना भवन पद्मनाभपुर।
नवनिर्मित थाना भवन पुलगांव।
नवनिर्मित पुलिस अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय, धमधा।
पुलिस परिवारों को बेहतर सुविधाएं देने का वादा इस अवसर पर शिक्षा मंत्री छत्तीसगढ़ शासन गजेंद्र यादव ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार पुलिस बल और उनके परिवारों की सुविधाओं में निरंतर वृद्धि करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने पुलिस परिवारों की मांग पर सर्व-सुविधायुक्त सामुदायिक भवन के निर्माण, हाईमास्ट लाइट स्थापना और पुलिस आवासों के मरम्मत कार्य कराए जाने का आश्वासन भी दिया।

पुलिस की कार्यक्षमता में होगी वृद्धि कार्यक्रम में जिला दण्डाधिकारी दुर्ग अभिजीत सिंह ने कहा कि जब आम नागरिक रात में विश्राम करते हैं, तब पुलिस बल समाज की सुरक्षा में तैनात रहता है। नवनिर्मित आवासों से पुलिस कर्मियों की कार्यक्षमता और जीवन स्तर में सकारात्मक सुधार होगा।
कार्यक्रम में रहे उपस्थित इस गरिमामय कार्यक्रम में पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग विजय अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) दुर्ग सुखनंदन राठौर, पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन के एसडीओ नवीन वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र कौशिक, वार्ड पार्षद लोकेश्वरी ठाकुर सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।