सक्ती में गणतंत्र दिवस की धूम: सांसद कमलेश जांगड़े ने फहराया तिरंगा, झांकियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में दिखी विकास की झलक

सक्ती। जिला मुख्यालय सक्ती में 77वां गणतंत्र दिवस समारोह देशभक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कलेक्ट्रेट ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि जांजगीर-चांपा सांसद कमलेश जांगड़े ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री का जनता के नाम प्रेषित संदेश का वाचन किया और जिलेवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।

कलेक्टर अमृत विकास तोपनो और पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर के साथ मुख्य अतिथि ने परेड का निरीक्षण किया। शांति के प्रतीक रंगीन गुब्बारे आसमान में छोड़े गए और परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक उमेश कुमार राय के नेतृत्व में आकर्षक मार्चपास्ट निकाला गया। कार्यक्रम का सफल संचालन व्याख्याता देवाशीष बनर्जी द्वारा किया गया।

स्वतंत्रता सेनानियों और उत्कृष्ट कर्मियों का सम्मान
सांसद कमलेश जांगड़े ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, शहीदों के परिजनों और मीसाबंदियों से भेंट कर उन्हें शॉल व श्रीफल देकर सम्मानित किया। इसके साथ ही विभिन्न शासकीय विभागों में उल्लेखनीय सेवा देने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

परेड और झांकियों के परिणाम:
परेड (प्रोफेशनल वर्ग): जिला पुलिस बल (पुरुष) को प्रथम, जिला पुलिस बल (महिला) को द्वितीय और नगर सेना (पुरुष) को तृतीय स्थान मिला।

परेड (नॉन-प्रोफेशनल वर्ग): सीनियर एनसीसी बालक ने प्रथम, जूनियर एनसीसी बालिका ने द्वितीय और सीनियर एनसीसी बालिका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

झांकी प्रदर्शन: स्कूल शिक्षा विभाग (एआई डिजिटल शिक्षा थीम) को प्रथम, कृषि विभाग (प्राकृतिक खेती थीम) को द्वितीय और स्वास्थ्य विभाग को तृतीय स्थान मिला।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बिखरी छटा
स्कूली बच्चों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। सांस्कृतिक प्रतियोगिता में लिटिल फ्लावर इंग्लिश मीडियम स्कूल सक्ती को प्रथम, जिंदल वर्ल्ड स्कूल सक्ती को द्वितीय और शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय किरारी (बा) को तृतीय पुरस्कार मिला।

समारोह में कलेक्टर अमृत विकास तोपनो, पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर सहित जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे व नागरिक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *