हिंगोरा सिंह : अंबिकापुर। जिले में 77वां गणतंत्र दिवस पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। पी.जी. कॉलेज ग्राउण्ड में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। राष्ट्रगान के बाद उपमुख्यमंत्री ने कलेक्टर अजीत वसंत और पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल के साथ परेड का निरीक्षण किया। विजय शर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा जनता के नाम प्रेषित संदेश का वाचन किया। इस दौरान आकाश में रंग-बिरंगे गुब्बारे छोड़े गए और सशस्त्र टुकड़ियों ने हर्षफायर कर सलामी दी।

उपमुख्यमंत्री ने शहीद जवानों के परिजनों को सम्मानित किया। इसके साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
विभागीय झांकियों में दिखी विकास की झलक
समारोह में विभिन्न विभागों द्वारा मनमोहक झांकियां निकाली गईं। इनमें नगर पालिक निगम (दूषित जल प्रबंधन), आदिवासी विकास विभाग (देवगुड़ी), शिक्षा विभाग (पीएम श्री स्कूल), प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, कृषि विभाग, रेशम एवं उद्यानिकी विभाग, जेल विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास और स्वास्थ्य विभाग की झांकियों के माध्यम से शासन की योजनाओं और विकास मॉडल का प्रदर्शन किया गया।
शानदार मार्च पास्ट और सांस्कृतिक कार्यक्रम
परेड इन कमाण्डर तृप्ति सिंह राजपूत और सेकेण्ड इन कमाण्ड सुनीता भारद्वाज के नेतृत्व में 14 टुकड़ियों ने शानदार मार्च पास्ट किया। इसमें जिला पुलिस बल, नगर सैनिक बल, एनसीसी और स्काउट-गाइड के कैडेट्स शामिल थे। स्कूली बच्चों ने भी अपनी प्रतिभा का जलवा बिखेरा। एकलव्य आवासीय विद्यालय, जवाहर नवोदय विद्यालय, हॉली क्रास, शासकीय कन्या शिक्षा परिसर और कार्मेल स्कूल के बच्चों ने देशभक्ति, बालिका सशक्तिकरण और झांसी की रानी जैसे विषयों पर रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। इस दौरान ‘फिट काप फिट सिटी’ जुम्बा व्यायाम के जरिए फिटनेस का संदेश भी दिया गया।

अधिकारी और कर्मचारी हुए सम्मानित
विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 83 अधिकारी-कर्मचारियों को उपमुख्यमंत्री ने प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में राज्य गृह निर्माण मंडल अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव, युवा आयोग अध्यक्ष विश्वविजय सिंह तोमर, भारत सिंह सिसोदिया, अखलेश सोनी, जिला पंचायत अध्यक्ष निरुपा सिंह, उपाध्यक्ष देवनारायण यादव, महापौर मंजूषा भगत, सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, संभागायुक्त नरेन्द्र दुग्गा और पुलिस महानिरीक्षक दीपक झा सहित बड़ी संख्या में नागरिक और जनप्रतिनिधि मौजूद थे।