कांकेर में सड़कों पर पसरा ‘यमराज’ का साया: 24 घंटे में तीन भीषण सड़क हादसे, चीख-पुकार के बीच दो के पैर कटे, मासूम बच्ची भी लहूलुहान

कांकेर। नए साल की शुरुआत के साथ ही कांकेर जिले में सड़क दुर्घटनाओं का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। लगभग रोजाना हो रही सड़क दुर्घटनाओं में जहां कई लोगों की जान जा रही है, वहीं बड़ी संख्या में लोग गंभीर रूप से घायल होकर अस्पतालों तक पहुंच रहे हैं। रविवार 25 जनवरी को जिले में अलग-अलग तीन स्थानों पर हुई सड़क दुर्घटनाओं ने एक बार फिर यातायात व्यवस्था, तेज रफ्तार और लापरवाह वाहन संचालन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इन तीनों हादसों में एक बच्ची सहित तीन लोग घायल हुए हैं, जिनमें से दो लोगों के पैर गंभीर रूप से टूट गए हैं। सभी घायलों को जिला अस्पताल कांकेर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

माकड़ी चौक के पास सरकारी बोलेरो की टक्कर, बच्ची घायल

जिले की पहली दुर्घटना माकड़ी चौक के पास सामने आई, जहां जीएसटी विभाग के सरकारी वाहन बोलेरो ने एक मोटरसाइकिल और एक कार को टक्कर मार दी। हादसा इतना अचानक हुआ कि कुछ देर के लिए सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस दुर्घटना में मोटरसाइकिल पर सवार एक बच्ची घायल हो गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास मौजूद लोगों ने घायल बच्ची को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बोलेरो वाहन तेज रफ्तार में था, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका।

माकड़ी नया ढाबा के पास हादसा, युवक का हाथ-पैर टूटा

दूसरी दुर्घटना माकड़ी नया ढाबा के पास हुई, जहां एक युवक सड़क दुर्घटना का शिकार हो गया। इस हादसे में युवक के एक पैर और एक हाथ में गंभीर फ्रैक्चर आया है। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार और वाहन के असंतुलन के चलते यह दुर्घटना हुई। घायल को गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल कांकेर में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।

दसपुर के पास बाइक दुर्घटना, पैर पूरी तरह टूटा

तीसरी दुर्घटना दसपुर के पास हुई, जहां एक मोटरसाइकिल चालक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में युवक का पैर पूरी तरह से टूट गया है। स्थानीय लोगों की तत्परता से घायल को एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल कांकेर पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार घायल की हालत गंभीर बनी हुई है, हालांकि फिलहाल खतरे से बाहर बताया जा रहा है।

पुलिस जांच में जुटी, इलाज जारी

तीनों घटनाओं की सूचना मिलते ही संबंधित थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस द्वारा दुर्घटनाओं के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल सभी घायलों का उपचार जिला अस्पताल कांकेर में जारी है।

लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं से आम लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। यातायात विभाग द्वारा लगातार लोगों को यातायात नियमों की जानकारी और समझाइश दी जा रही है, बावजूद इसके दुर्घटनाओं पर लगाम नहीं लग पा रही है। वहीं कांकेर एसपी द्वारा नशे के खिलाफ लगातार कार्रवाई किए जाने के बाद भी लोग शराब के नशे में वाहन चलाने से बाज नहीं आ रहे हैं, जिसके चलते सड़क हादसों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। ऐसे में सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण को लेकर पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *