जिला न्यायालय में वकील और महिला के बीच विवाद, धमकी के बाद थाने पहुंचा मामला


बैतूल। जिला न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता अंशुल गर्ग और एक महिला रिया तिवारी के बीच कोर्ट परिसर में तीखी बहस हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि आरोप-प्रत्यारोप के बाद महिला ने वकील को कोर्ट के बाहर देख लेने की धमकी दे दी। इससे माहौल तनावपूर्ण हो गया और अधिवक्ता तथा बार काउंसिल के सदस्य कोतवाली थाना पहुंचे।

एफआईआर दर्ज किए जाने की प्रक्रिया चल ही रही थी कि महिला भी थाने पहुंच गई, जहां दोनों पक्षों के बीच फिर से बहस हुई। पुलिस को स्थिति संभालने और दोनों पक्षों को शांत कराने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

दरअसल रिया तिवारी ने अपने पति पर प्रताड़ना और धोखे से शादी करने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया था। इस केस में उसका पति बैतूल जेल में बंद था। शुरुआत में रिया की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता अंशुल गर्ग पैरवी कर रहे थे, लेकिन बाद में उन्होंने केस छोड़कर पति की तरफ से पैरवी शुरू कर दी। इसी बात को लेकर रिया नाराज हो गई और कोर्ट में विवाद खड़ा हो गया।

रिया का आरोप है कि अधिवक्ता ने अधिक पैसे लेकर पक्ष बदल लिया और उसके तलाक का केस छोड़कर पति को जमानत दिलाने का प्रयास किया। वहीं अधिवक्ता अंशुल गर्ग का कहना है कि किसी भी पक्ष का केस लड़ना उनका कानूनी अधिकार है और इसके लिए उन्हें धमकाया नहीं जा सकता।

कोतवाली पुलिस ने महिला के खिलाफ धमकी देने और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *