गरियाबंद शादी के बाद धोखे की दास्तां! युवक युवती को बाहर ले जाकर साथ रहा, फिर घर छोड़कर हुआ फरार; आहत युवती ने पुल से लगाई छलांग ।

गरियाबंद के नहरगांव पुल से कूदकर आत्महत्या का प्रयास करने वाली युवती के मामले में एक बड़ा और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। अस्पताल में उपचार के दौरान युवती ने जो बयान दिए हैं,उसके अनुसार मामला केवल प्रेम प्रसंग का नहीं, बल्कि शादी के बाद दिए गए धोखे का है।
शादी कर बाहर ले गया, फिर घर छोड़कर मुकरा
युवती ने बताया कि तँवरबहरा निवासी युवक और उसने प्रेम विवाह कर लिया था। शादी के बाद युवक उसे अपने साथ बाहर ले गया था, जहाँ वे दोनों कुछ दिनों तक पति-पत्नी की तरह साथ रहे। लेकिन कुछ दिन बीतने के बाद युवक का मन बदल गया। वह अचानक युवती को वापस उसके मायके (बारूका) छोड़ गया और अब उसे अपने साथ ले जाने और पत्नी स्वीकार करने से पूरी तरह इनकार कर रहा है।
उम्मीद टूटी तो मौत को गले लगाने का फैसला
युवती ने युवक को मनाने की बहुत कोशिश की, लेकिन जब उसे लगा कि उसे धोखा दिया गया है और अब उसका घर वापस नहीं बसेगा, तो वह गहरे सदमे और व्यथा में चली गई। सामाजिक बदनामी और पति के धोखे से आहत होकर उसने आज नहरगांव पुल से छलांग लगा दी।
हालत नाजुक, पुलिस की कार्रवाई शुरू
युवती को गंभीर चोटें आई हैं और जिला अस्पताल में उसका संघर्ष जारी है। इस नए खुलासे के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है। शादी के सबूतों और बाहर रहने की बात की पुष्टि की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *