बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों द्वारा जंगल में लगाए गए प्रेशर IED के विस्फोट में एक ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना उसूर ब्लॉक के इल्मीडी थाना क्षेत्र अंतर्गत लंकापल्ली के जंगलों में गुरुवार दोपहर हुई।
जानकारी के अनुसार, राजू मोडियाम (30 वर्ष) पिता मुन्नी मोडियाम, जंगल से लकड़ी लाने गए थे। इसी दौरान उनका पैर जमीन में लगाए गए प्रेशर IED पर पड़ गया, जिससे जोरदार विस्फोट हुआ और उनके दाहिने पैर में गंभीर चोट आई।
घायल राजू को साथ गए ग्रामीण तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया। फिलहाल उनका इलाज जिला अस्पताल में जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे और इलाके में सर्चिंग अभियान शुरू कर दिया। नक्सलियों द्वारा लगाए गए IED के कारण निर्दोष ग्रामीण की चोट ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।