सक्ती। सक्ती जिला वासियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। लंबे समय से की जा रही गोंडवाना एक्सप्रेस के स्टॉपेज की मांग आखिरकार पूरी हो गई है। जांजगीर-चांपा लोकसभा सांसद कमलेश जांगड़े के विशेष प्रयासों और पहल के चलते रेल मंत्रालय ने सक्ती स्टेशन पर इस ट्रेन के ठहराव को मंजूरी दे दी है। शुक्रवार, 23 जनवरी को शाम 4:56 बजे सांसद कमलेश जांगड़े और भाजपा जिलाध्यक्ष टिकेश्वर गबेल सामूहिक रूप से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर इस ऐतिहासिक पल का शुभारंभ करेंगे।
सक्ती रेलवे स्टेशन पर होगा भव्य आयोजन
इस उपलब्धि को लेकर पूरे सक्ती जिले में उत्साह का माहौल है। इस उपलक्ष्य में शुक्रवार शाम 4 बजे से सक्ती रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 01 पर एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया है। भाजपा संगठन और आयोजन समिति ने शहरवासियों से अपील की है कि वे इस महत्वपूर्ण उपलब्धि का गवाह बनने के लिए अधिक से अधिक संख्या में स्टेशन पहुंचें।
कार्यक्रम में शामिल होंगे दिग्गज नेता
गोंडवाना एक्सप्रेस के प्रथम स्टॉपेज कार्यक्रम में मुख्य रूप से क्षेत्रीय सांसद कमलेश जांगड़े, भाजपा जिलाध्यक्ष टिकेश्वर गबेल, जिला पंचायत अध्यक्ष द्रोपदी चंद्रा और प्रदेश मंत्री विद्या सिदार उपस्थित रहेंगी। इनके अलावा भाजपा के जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, नगर पालिका व नगर पंचायत के निर्वाचित जनप्रतिनिधि और भारी संख्या में जिले के नागरिक इस गौरवशाली क्षण में शामिल होंगे।
विकास की दिशा में एक बड़ा कदम
सक्ती को जिला बनने के बाद यहाँ ट्रेनों के स्टॉपेज की मांग लगातार उठ रही थी। गोंडवाना एक्सप्रेस जैसी महत्वपूर्ण ट्रेन का स्टॉपेज मिलने से अब रायपुर, बिलासपुर और दिल्ली की ओर जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। स्थानीय लोगों ने इस मांग को पूरा कराने के लिए सांसद कमलेश जांगड़े का आभार व्यक्त किया है।