ग्राम भारती आचार्य सम्मेलन का भव्य समापन: युवा अफसरों और नेताओं को देख जोश से भर गए कार्यकर्ता

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में आयोजित ‘जिला स्तरीय ग्राम भारती आचार्य सम्मेलन’ का समापन समारोह बेहद उत्साहजनक रहा। ग्राम भारती सक्ती जिला और भागवत प्रवाह आध्यात्मिक सेवा संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में जब मंच पर युवा पुलिस अधिकारी और जनप्रतिनिधि पहुंचे, तो वहां मौजूद युवा आचार्य और कार्यकर्ता ऊर्जा से भर गए।

युवा अफसरों ने साझा किए सफलता के मंत्र

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत उपाध्यक्ष कमल किशोर पटेल मौजूद रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में एडिशनल एसपी पंकज चौधरी, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (SDOP) भुवनेश्वरी पैकरा और जिला पंचायत सभापति आयुष शर्मा ने शिरकत की। इन सभी युवा अतिथियों ने अपने प्रेरणास्पद संबोधन से आचार्यों का दिल जीत लिया। खास बात यह रही कि इन अतिथियों ने बताया कि वे स्वयं सरस्वती शिशु मंदिर से शिक्षा प्राप्त कर चुके हैं। उन्होंने संदेश दिया कि शिक्षा के साथ संस्कारों का होना ही सफलता की असली पहचान है।

विवेकानंद जयंती पर राष्ट्र निर्माण का संकल्प

सम्मेलन के संयोजक आचार्य राजेंद्र महाराज ने बताया कि 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद जयंती यानी ‘युवा दिवस’ के अवसर पर इस आयोजन का मकसद युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ना था। उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासन के युवा अधिकारियों ने अपना कीमती समय देकर हमारे आचार्यों का मार्गदर्शन किया है, जिससे उन्हें अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने की नई प्रेरणा मिली है।

भव्य सम्मान के साथ आभार प्रदर्शन

समारोह के अंत में जिला स्तरीय सम्मेलन की ओर से आए हुए सभी अतिथियों का तिलक लगाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर भव्य सम्मान किया गया। इस अवसर पर भागवत प्रवाह के कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में युवा आचार्य उपस्थित रहे, जिन्होंने इस आयोजन को सफल बनाने में अपनी अहम भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *