दुर्ग पुलिस का ‘ऑपरेशन विश्वास’: रातभर चला विशेष अभियान, सार्वजनिक जगहों पर शराब पीने वाले 94 आरोपी गिरफ्तार

Durg Police Operation Vishwas : रमेश गुप्ता : दुर्ग: जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए दुर्ग पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की है। ‘ऑपरेशन विश्वास’ के तहत पुलिस ने जिलेभर में रातभर विशेष अभियान चलाया। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी करने और शराबखोरी करने वाले 94 लोगों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

जिलेभर में एक साथ दबिश

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर 16 जनवरी की रात को जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई शुरू की गई। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सार्वजनिक स्थलों पर होने वाली अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाना और आम नागरिकों के बीच सुरक्षा का भाव पैदा करना था। राजपत्रित अधिकारियों की सीधी निगरानी में पुलिस टीमों ने पार्कों, सुनसान रास्तों और प्रमुख चौराहों पर दबिश दी।

थानावार कार्रवाई का ब्यौरा

दबिश के दौरान पुलिस ने कुल 94 आरोपियों को पकड़ा। सबसे ज्यादा कार्रवाई सुपेला थाना क्षेत्र में हुई। थानों का विवरण इस प्रकार है:

  • सुपेला: 21 आरोपी
  • मोहन नगर: 10 आरोपी
  • छावनी: 9 आरोपी
  • पुरानी भिलाई: 8 आरोपी
  • पाटन: 7 आरोपी
  • वैशाली नगर: 6 आरोपी
  • कुम्हारी और खुर्सीपार: 5-5 आरोपी
  • जामुल और अमलेश्वर: 4-4 आरोपी
  • पुलगांव, दुर्ग और धमधा: 3-3 आरोपी
  • नेवई, अण्डा, रानीतराई और जामगांव (एम): 1-1 आरोपी

जनशांति भंग करने वालों को चेतावनी

दुर्ग पुलिस ने इस कार्रवाई के जरिए कड़ा संदेश दिया है कि शहर की शांति भंग करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक स्थलों पर शराब पीना और गुटबाजी करना न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि इससे अपराधों को बढ़ावा मिलता है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इस तरह के ‘सरप्राइज’ अभियान जारी रहेंगे ताकि आम जनता निर्भय होकर घूम सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *