निर्धारित मानक के अनुसार धान खरीदी करने प्रभारियों को दिए निर्देश
कांकेर। जिला पंचायत सदस्य मृदुला भास्कर ने शहर से लगे ग्राम पंचायत बेवरती धान खरीदी केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने धान खरीदी की प्रक्रिया, तौल व्यवस्था और किसानों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया।
इस दौरान जिला पंचायत सदस्य मृदुला भास्कर ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में किसानों की मेहनत पर लगातार डाका डाला जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिले के अधिकांश धान खरीदी केंद्रों में निर्धारित मानक तौल के अनुसार धान खरीदी नहीं की जा रही है। किसानों से लगभग एक किलो से अधिक धान अतिरिक्त रूप से हर बोरी में लिया जा रहा है, जिससे किसानों को प्रत्यक्ष आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि धान खरीदी में देरी के कारण भी बड़ी संख्या में किसान अपनी उपज केंद्रों में नहीं बेच पा रहे हैं और सरकारी लाभ से वंचित हो रहे हैं। सरकार को चाहिए कि सभी किसानों का धान खरीदा जाए और यदि निर्धारित समयावधि में खरीदी पूरी नहीं होती है, तो खरीदी की समय-सीमा बढ़ाकर सभी किसानों की उपज खरीदी जाए।
जिला पंचायत सदस्य ने बताया कि उन्हें लगातार किसानों से शिकायतें मिल रही हैं कि धान खरीदी केंद्रों में मानक से अधिक तौल पर धान लिया जा रहा है। इन्हीं शिकायतों के चलते वे क्षेत्र के विभिन्न धान खरीदी केंद्रों का औचक निरीक्षण कर रही हैं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र प्रभारियों को निर्धारित मानक के अनुसार ही धान खरीदी करने की सख्त हिदायत दी।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में किसानों के साथ किसी भी प्रकार की अनियमितता पाई गई, तो इसकी शिकायत उच्च अधिकारियों से की जाएगी।