दिलीप गुप्ता
सरायपाली। सरायपाली से करीब 15 किलोमीटर दूर ग्राम छुईपाली के राफेल चौक के पास गैस सिलेंडरों से भरी एक बोलेरो पिकअप वाहन में अचानक आग लग गई। आग लगते ही पिकअप में रखे गैस सिलेंडर एक के बाद एक ब्लास्ट होने लगे, जिससे सिलेंडर दूर-दूर तक जा गिरे। इस हादसे में चालक गंभीर रूप से झुलस गया, जबकि दो अन्य लोग भी आग से घायल हुए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बोलेरो पिकअप में बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर लदे हुए थे। राफेल चौक पहुंचते ही अचानक सिलेंडरों में आग लग गई और तेज धमाकों के साथ ब्लास्ट शुरू हो गया। ब्लास्ट की वजह से कई सिलेंडर आसपास के खेतों और दुकानों की छतों तक जा पहुंचे, जिससे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह पिकअप वाहन मंदिर हसौद से गैस सिलेंडर लेकर आ रहा था। वाहन में चालक शैलेंद्र प्रधान सहित दो हेल्पर सवार थे। ब्लास्ट के झटके से चालक और सहायक वाहन से नीचे गिर गए। चालक आग से बुरी तरह झुलस गया, जिसे जोखिम के बीच बाहर निकालकर चिवराकुटा स्थित नवजीवन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि दोनों हेल्पर भी झुलसे हैं।
बताया जा रहा है कि पिकअप में करीब 70 से 80 गैस सिलेंडर थे, जिनमें कुछ कमर्शियल सिलेंडर भी शामिल हो सकते हैं। वाहन पूरी तरह जल जाने के कारण उसका नंबर स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस ने फिलहाल वाहन, सिलेंडर और संबंधित व्यक्तियों के बारे में विस्तृत जानकारी देने में असमर्थता जताई है।
घटना के बाद सुरक्षा कारणों से राष्ट्रीय राजमार्ग को करीब दो घंटे तक बंद रखा गया। पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर यातायात रोक दिया और छुईपाली क्षेत्र में आसपास की दुकानों और घरों को बंद कराया गया। इसके बावजूद जलते सिलेंडरों की वजह से कई दुकानों के शेड और लोहे की चादरों को नुकसान पहुंचा है।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम अनुपमा आनंद और एसडीओपी ललिता मेहर सुरक्षा बलों के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने में जुटे रहे। आग पर काबू पाने के लिए ओडिशा के सोहेला से फायर ब्रिगेड बुलानी पड़ी, क्योंकि सरायपाली नगरपालिका की फायर ब्रिगेड खराब बताई जा रही है।
समाचार लिखे जाने तक घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र को सील कर दिया गया है तथा यातायात को छुईपाली गांव के अंदरूनी रास्ते से संचालित किया जा रहा है। पूरे मामले की विस्तृत जानकारी जांच के बाद ही सामने आने की बात कही जा रही है।