रायपुर। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से नमीयुक्त हवाओं के आने से छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड से सप्ताहभर राहत मिलने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार रात के न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी होगी तथा इसका अधिक प्रभाव उत्तरी क्षेत्रों में दिखाई देगा। जनवरी के पहले दस दिन ठंड के साथ बीते हैं, लेकिन अब मौसम का मिजाज बदल रहा है। दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी पर बने साइक्लोन के कारण मध्य स्तर पर नमी युक्त हवाएं आ रही हैं, जिससे रात का तापमान बढ़ेगा।
पिछले 24 घंटों में राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं दिन का सर्वाधिक अधिकतम तापमान बिलासपुर में 26.6 डिग्री सेल्सियस रहा। दुर्ग संभाग के कुछ जिलों में एक-दो स्थानों पर शीतलहर का प्रभाव रहा।
वर्तमान में ठंड का सबसे अधिक असर सरगुजा संभाग में है। मैनपाट, बलरामपुर, जशपुर सहित अन्य क्षेत्रों में बर्फ जमने जैसी स्थिति बनी हुई है। मौसम में आ रहे बदलाव का सबसे अधिक प्रभाव उत्तरी छत्तीसगढ़ में दिखेगा। मध्य क्षेत्रों में भी नमी के कारण कड़ाके की ठंड से राहत मिलेगी।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि ठंड का मौसम अभी समाप्त नहीं हुआ है। पश्चिमी विक्षोभ के हटने के बाद जनवरी के दूसरे पखवाड़े में एक बार फिर ठंड का जोरदार प्रकोप हो सकता है। कई वर्षों में ऐसा देखा गया है कि जनवरी के अंतिम दिनों में सीजन की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई है।
शनिवार को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से दिन भर बादल छाए रहे जिससे अधिकतम तापमान में थोड़ी गिरावट आई तथा मौसम ठंडकता भरा रहा।
रायपुर में आज का मौसम
राजधानी रायपुर में आज सुबह के समय धुंध या कोहरा छाए रहने की संभावना है। दिन का अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने लोगों से ठंड तथा धुंध से बचाव के लिए सतर्क रहने तथा आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है।