नए खनिज अधिकारी की सख्ती, रेत और ईंट ढोते 8 ट्रैक्टर जप्त

Korea District News

Korea District News : बैकुंठपुर/कोरिया: छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में अवैध खनिज परिवहन करने वालों के खिलाफ प्रशासन ने मोर्चा खोल दिया है। नवपदस्थ जिला खनिज अधिकारी इंद्र लाल के पदभार संभालते ही अवैध खनन माफियाओं के बीच हड़कंप मच गया है। विभाग ने धड़पकड़ अभियान चलाते हुए अवैध खनिज ले जा रहे आठ वाहनों को जप्त किया है।

पटना और बैकुंठपुर इलाके में बड़ी कार्रवाई
खनिज विभाग की टीम ने बुधवार को तहसील पटना और बैकुंठपुर क्षेत्र में औचक छापेमारी की। गश्त के दौरान टीम ने रेत और ईंट का अवैध रूप से परिवहन कर रहे आठ ट्रैक्टरों को रंगे हाथों पकड़ा। इन वाहनों के पास खनिज परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं थे। कार्रवाई के बाद सभी जप्त वाहनों को सुरक्षा के लिहाज से पटना और चरचा थाने की अभिरक्षा में खड़ा करवा दिया गया है।

इन वाहन मालिकों पर गिरा कानून का डंडा
विभागीय जानकारी के अनुसार, जप्त किए गए वाहनों में सतीश यादव, जयप्रकाश साहू, इमरान अहमद, अवधेश, जगतपाल, सत्यनारायण, संतोष साहू और देवीदयाल के ट्रैक्टर शामिल हैं। इनमें से अधिकांश वाहन बिना नंबर के या सोल्ड श्रेणी के हैं, जो अवैध रूप से गौण खनिजों की सप्लाई में लगे थे।

होगी सख्त विधिक कार्रवाई
पकड़े गए वाहन मालिकों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 और खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। खनिज अधिकारी इंद्र लाल ने साफ चेतावनी दी है कि जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में यह अभियान और भी तेज होगा और नियमित रूप से निरीक्षण किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *