रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने स्थानांतरण या नवीन पदस्थापना के बाद समय पर जॉइनिंग नहीं देने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है। सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी विभागों के सचिवों को पत्र जारी कर 13 जनवरी 2026 तक सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को नए पदस्थापना स्थल पर अनिवार्य रूप से कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं। समय सीमा के भीतर जॉइनिंग नहीं देने पर संबंधित के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
सामान्य प्रशासन विभाग के अनुसार, कई विभागों में स्थानांतरण आदेश जारी होने के बावजूद अधिकारी और कर्मचारी नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण नहीं कर रहे हैं, जिससे जिलों में संचालित जनहित योजनाओं और सेवाओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। इसे गंभीरता से लेते हुए सरकार ने समयबद्ध जॉइनिंग सुनिश्चित करने का निर्णय लिया है।
निर्देशों में कहा गया है कि जिन अधिकारियों और कर्मचारियों ने अब तक कार्यभार ग्रहण नहीं किया है, उन्हें तत्काल कार्यमुक्त किया जाए और 13 जनवरी 2026 तक नए पदस्थापना स्थल पर जॉइनिंग देने के स्पष्ट निर्देश दिए जाएं। आदेशों की अवहेलना करने पर कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, अनुसूचित क्षेत्र से गैर अनुसूचित क्षेत्र में स्थानांतरित अधिकारियों और कर्मचारियों को उनके कार्यालय प्रमुख या नियंत्रण अधिकारी तब तक कार्यमुक्त नहीं करेंगे, जब तक वे नए पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण नहीं कर लेते, ताकि प्रशासनिक कार्यों में कोई व्यवधान न आए।
सामान्य प्रशासन विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि जनवरी 2026 का वेतन संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को केवल नवीन पदस्थापना स्थल से ही देय होगा। यदि कोई संवितरण अधिकारी पुराने पदस्थापना स्थल से वेतन आहरण करता है, तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिन मामलों में स्थानांतरण आदेश के विरुद्ध न्यायालय से स्थगन आदेश प्राप्त हुआ है या न्यायालय द्वारा नियत समय सीमा में निर्णय लेने के निर्देश दिए गए हैं, वहां यथास्थिति बनाए रखी जाएगी।
सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी सचिवों और विभाग प्रमुखों से निर्देशानुसार कार्रवाई करते हुए अद्यतन जानकारी 15 जनवरी 2026 की सायं 5 बजे तक ईमेल [email protected] पर उपलब्ध कराने को कहा है। सरकार का मानना है कि समय पर जॉइनिंग से प्रशासनिक अनुशासन, कार्यक्षमता और जनहित योजनाओं की सुचारू क्रियान्वयन सुनिश्चित होगा।