जगदलपुर। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिले की शासकीय बाल देखरेख संस्थाओं में मिशन वात्सल्य योजना के सुचारू संचालन हेतु रिक्त संविदा पदों की भर्ती के लिए आधिकारिक विज्ञापन जारी किया गया है। इच्छुक एवं पात्र उम्मीदवार 20 जनवरी 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
यह भर्ती पूरी तरह संविदा आधार पर होगी। इसमें परामर्शदाता, स्टोर कीपर सह लेखापाल, पैरामेडिकल स्टाफ, पीटी इंस्ट्रक्टर सह योग प्रशिक्षक, कला एवं क्राफ्ट सह संगीत शिक्षक तथा सहायक सह रात्रि चौकीदार जैसे पद शामिल हैं। चयनित उम्मीदवारों को पद एवं योग्यता के अनुसार 7,944 रुपये से 23,170 रुपये तक एकमुश्त मासिक मानदेय प्रदान किया जाएगा।
परामर्शदाता के दो पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को 23,170 रुपये मासिक मानदेय मिलेगा। स्टोर कीपर सह लेखापाल के एक पद के लिए 18,536 रुपये, पैरामेडिकल स्टाफ के तीन पदों के लिए 11,916 रुपये, पीटी इंस्ट्रक्टर सह योग प्रशिक्षक के चार पदों तथा कला एवं क्राफ्ट सह संगीत शिक्षक के दो पदों के लिए 10,000 रुपये तथा सहायक सह रात्रि चौकीदार के एक पद के लिए 7,944 रुपये मासिक मानदेय निर्धारित है।
आवेदक का छत्तीसगढ़ राज्य का मूल निवासी होना अनिवार्य है तथा सक्षम अधिकारी द्वारा जारी निवास प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना होगा। चयन मेरिट के आधार पर होगा, जिसमें शैक्षणिक योग्यता को 70 प्रतिशत, अनुभव को अधिकतम 10 अंक तथा साक्षात्कार या कौशल परीक्षा को 20 अंक का भारांक दिया जाएगा।
आयु सीमा 1 जनवरी 2026 की स्थिति में 21 से 35 वर्ष रखी गई है। आरक्षित वर्गों को राज्य शासन के नियमों के अनुसार आयु में छूट प्रदान की जाएगी।
आवेदन पत्र कार्यालय में सीधे स्वीकार नहीं किए जाएंगे। पूर्ण रूप से भरा हुआ आवेदन केवल पंजीकृत डाक या स्पीड पोस्ट से जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास, जगदलपुर के पता पर भेजा जा सकता है। अपूर्ण या विलंबित आवेदन स्वीकार नहीं होंगे।
भर्ती की विस्तृत शर्तें, शैक्षणिक योग्यता एवं आवेदन प्रारूप बस्तर जिले की आधिकारिक वेबसाइट https://bastar.gov.in/ पर उपलब्ध हैं।