अम्बिकापुर/हिंगोरा सिंह। सरगुजा संभाग में स्वच्छ, सुरक्षित एवं किफायती ऊर्जा विकल्पों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘नेशनल PNG ड्राइव 2.0’ का भव्य शुभारंभ आज अम्बिकापुर में किया गया। भारत सरकार के पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के मार्गदर्शन में पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस नियामक बोर्ड (PNGRB) और भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) द्वारा संचालित यह अभियान 1 जनवरी से 31 मार्च 2026 तक पूरे देश में प्रभावी रहेगा।
अभियान का उद्देश्य और मुख्य लक्ष्य
इस राष्ट्रव्यापी अभियान का प्राथमिक उद्देश्य घरेलू, वाणिज्यिक एवं औद्योगिक उपभोक्ताओं को पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) से जोड़ना है। इसके साथ ही:

परिवहन क्षेत्र में कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (CNG) के उपयोग को प्रोत्साहित करना।
निष्क्रिय (Inactive) गैस कनेक्शनों को पुनः सक्रिय करना।
नागरिकों को सुरक्षित और आर्थिक रूप से लाभकारी ऊर्जा समाधानों के प्रति जागरूक करना।
संभागायुक्त ने दी हरी झंडी
कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन सरगुजा संभागायुक्त नरेंद्र कुमार दुग्गा ने दीप प्रज्ज्वलन और बैनर अनावरण के साथ किया। इस अवसर पर उन्होंने जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जो संभाग के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लोगों को स्वच्छ ऊर्जा के लाभ बताएंगे।

संभागायुक्त दुग्गा ने अपने संबोधन में कहा कि:
“PNG और CNG न केवल पर्यावरण के अनुकूल हैं, बल्कि यह आम नागरिकों के लिए सुरक्षित और आर्थिक रूप से किफायती समाधान भी हैं। यह अभियान भारत की ‘नेट ज़ीरो 2070’ की प्रतिबद्धता और 2030 तक उत्सर्जन तीव्रता को कम करने के राष्ट्रीय लक्ष्य की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम है।”
प्रमुख अधिकारियों की उपस्थिति
कार्यक्रम में बीपीसीएल के टेरिटरी मैनेजर (गैस) विनय कुमार, उप संभागीय आयुक्त राजकुमार खुटे, बीपीसीएल के सेल्स मैनेजर अखिल बांदी सहित बीपीसीएल सरगुजा की पूरी टीम और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।