गरियाबंद। नए साल के दूसरे दिन गरियाबंद जिले में सड़क दुर्घटना ने एक परिवार की खुशियां मातम में बदल दी। देवभोग थाना क्षेत्र के सरदापुर स्थित आईटीआई कॉलेज के पास दो दोस्तों की बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में जामगांव निवासी पप्पू नागेश (22 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कदलीमुड़ा निवासी ओंकार नागेश (24 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार दोनों युवक सीजी 23 एन 8062 क्रमांक की बाइक से घूमकर घर लौट रहे थे। आईटीआई कॉलेज के पास बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा इतना भीषण था कि पप्पू नागेश ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घायल ओंकार नागेश को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवभोग लाया गया, जहां उनकी नाजुक हालत देखते हुए रायपुर रेफर कर दिया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। कोतवाली टीआई फैजुल शाह ने बताया कि प्राथमिक जांच में अज्ञात वाहन की टक्कर की संभावना जताई जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।