छत्तीसगढ़ डाक परिमंडल में बड़े स्तर पर तबादले, दो अधिकारियों को डाउनग्रेड कर नई जिम्मेदारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ डाक परिमंडल के सीपीएमजी डॉ. अजय चौहान ने पदभार संभालने के डेढ़ माह बाद बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। इस आदेश में दो अधिकारियों को डाउनग्रेड करते हुए नई जिम्मेदारियों पर तैनात किया गया है। इससे पहले डॉ. चौहान ने रायपुर-बिलासपुर डाक संभाग का निरीक्षण किया था, जिसमें कई अधिकारियों की कार्यशैली पर कड़ी टिप्पणियां की गई थीं।

नए आदेश के अनुसार जेएस पाढ़ी को एएसपी भिलाई-दुर्ग ईस्ट डाक संभाग से उप-अध्यक्ष दुर्ग पद पर तथा एचआर साहू को एएसपी अंबिकापुर से अध्यक्ष सरगुजा पद पर स्थानांतरित किया गया है। ये दोनों पद लंबे समय से रिक्त थे। परिमंडल कार्यालय में अतिरिक्त निदेशक-4 पद पर तैनात रविलाल कचेर को मूल पद एएसपी मेल मोटर यूनिट पर तथा रायगढ़ डाक अधीक्षक परमेश्वर कुर्रे को एएसपी ट्रेनिंग पद पर तैनात किया गया है।

बीजापुर में हालिया रिश्वतखोरी मामले के बाद बस्तर डाक अधीक्षक ज्ञानेश मिश्रा को एएसपी भिलाई स्थानांतरित किया गया है। उनकी जगह मो. नियाजुद्दीन को बस्तर पदस्थ किया गया है। महेंद्र कुमार शर्मा को राजनांदगांव डाक संभाग अधीक्षक बनाया गया है। दोनों अधिकारी हाल ही में पदोन्नत हुए थे।

परिमंडल कार्यालय में तमिलनाडु से स्थानांतरित एस. सेल्वा कुमार को सहायक निदेशक-4 तथा एम. चेल्लइया को मैनेजर डाक छंटनी केंद्र पद पर तैनात किया गया है। दोनों पदोन्नत होकर छत्तीसगढ़ आए थे।

इस फेरबदल से प्रमुख पदों पर नई ऊर्जा आई है। अधिकारियों का मानना है कि इससे डाक सेवा की कार्यकुशलता बढ़ेगी तथा भ्रष्टाचार एवं अनियमितताओं पर अंकुश लगेगा। कर्मचारियों ने डॉ. चौहान की इस पहल का स्वागत किया है तथा आगामी समय में सेवा गुणवत्ता में सुधार की उम्मीद जताई है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *