बलरामपुर-रामानुजगंज। थाना शंकरगढ़ क्षेत्र के ग्राम कोठली स्थित पवईफाल हनुमान मंदिर में हनुमान जी की मूर्ति क्षतिग्रस्त करने की घटना सामने आई है। यह घटना 31 दिसंबर 2025 की बताई जा रही है। अज्ञात असामाजिक तत्वों ने मंदिर में स्थापित मूर्ति को नुकसान पहुंचाया। मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा वर्ष 2021-22 में विधिवत की गई थी।
हर वर्ष 31 दिसंबर को श्रद्धालु मंदिर की सफाई एवं पूजा के लिए एकत्र होते हैं। इस वर्ष जब वे मंदिर पहुंचे तो मूर्ति खंडित अवस्था में मिली। घटना से ग्राम कोठली सहित आसपास के गांव चाजा, जलबोथा एवं भालूपानी में आक्रोश फैल गया। श्रद्धालुओं ने खंडित टुकड़ों को जोड़कर कपड़े से बांधा तथा पूजा संपन्न की। क्षतिग्रस्त मूर्ति की अनुमानित लागत 30 हजार रुपये बताई गई है।
बजरंग दल के खंड संयोजक दयाशंकर यादव ने शंकरगढ़ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने इसे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला कृत्य बताते हुए दोषियों की गिरफ्तारी एवं कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज एवं ग्रामीणों के बयानों के आधार पर आरोपियों की पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। पुलिस धार्मिक स्थलों की सुरक्षा बढ़ाने तथा ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने का आश्वासन दिया है।
श्रद्धालु एवं ग्रामीण घटना से आहत हैं तथा दोषियों को कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं। बजरंग दल एवं ग्रामीणों ने मूर्ति की शीघ्र पुनर्स्थापना तथा मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का निर्णय लिया है। प्रशासन मामले को गंभीरता से ले रहा है तथा धार्मिक स्थलों पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।