कोरबा में दर्दनाक हादसा: कोबरा के डसने से गर्भवती महिला की मौत, गर्भस्थ शिशु भी नहीं बचा

कोरबा। जिले के करतला थाना क्षेत्र अंतर्गत टेंगरमार गांव में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में आठ माह की गर्भवती महिला की कोबरा सांप के डसने से मौत हो गई। महिला को अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ना पड़ा। इस घटना में गर्भस्थ शिशु भी नहीं बच सका।

मिली जानकारी के अनुसार, टेंगरमार निवासी फिरतु राम मांझी काम के सिलसिले में केराकछार गया हुआ था। घर पर उसकी 23 वर्षीय पत्नी राधिका और अन्य परिजन मौजूद थे। दोपहर के समय राधिका घर के आंगन में बने टॉयलेट की ओर जा रही थी। इसी दौरान रास्ते से गुजर रहे कोबरा सांप पर उसका बायां पैर पड़ गया। इससे उग्र हुए सांप ने फन फैलाकर राधिका के पैर से लिपटते हुए तीन जगह डस लिया।

सांप के डसते ही राधिका की चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे। उन्होंने सांप को वहां से भागते हुए देखा। गंभीर हालत में राधिका को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इस हादसे से पूरे परिवार में मातम पसर गया।

मृतका के पति फिरतु राम ने बताया कि बीते 21 फरवरी को सामाजिक रीति-रिवाज से उसकी शादी राधिका से हुई थी। शादी के करीब दो महीने बाद ही राधिका गर्भवती हो गई थी और उसका उपचार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा था। इस घटना में पत्नी के साथ-साथ गर्भ में पल रहा बच्चा भी दुनिया देखने से पहले ही काल के गाल में समा गया।

परिजनों के अनुसार, जिस कोबरा सांप ने राधिका को डसा, वह पिछले कुछ दिनों से घर के आसपास बाड़ी में दिखाई दे रहा था। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *