जयपुर। बीती रात से लेकर बुधवार सुबह तक जयपुर एयरपोर्ट पर यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई उड़ानें घंटों देरी से संचालित हुईं, जबकि खराब मौसम और घने कोहरे के कारण कुछ फ्लाइट्स को ऐन वक्त पर रद्द करना पड़ा। लगातार देरी, कैंसिलेशन और डायवर्जन से यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गईं।
स्पाइसजेट की मुंबई फ्लाइट में रातभर इंतजार
सबसे अधिक परेशानी स्पाइसजेट की मुंबई जाने वाली फ्लाइट SG-251 के यात्रियों को हुई। यह फ्लाइट जयपुर से रात 12 बजकर 50 मिनट पर रवाना होनी थी, लेकिन इनकमिंग विमान समय पर नहीं पहुंचने के कारण उड़ान लगातार विलंबित होती रही। यात्रियों को रातभर एयरपोर्ट पर इंतजार करना पड़ा और आखिरकार फ्लाइट सुबह 5 बजकर 20 मिनट पर मुंबई के लिए रवाना हो सकी। इस दौरान करीब साढ़े चार घंटे तक यात्री असुविधा में रहे। कई यात्रियों ने एयरलाइन की ओर से समय पर स्पष्ट जानकारी और समुचित व्यवस्थाओं के अभाव की शिकायत की।
कोहरे का असर, दिल्ली और चंडीगढ़ की फ्लाइट्स रद्द
उत्तर भारत में खराब मौसम और घने कोहरे का असर जयपुर एयरपोर्ट पर भी दिखा। बुधवार सुबह जयपुर से संचालित होने वाली दो उड़ानों को रद्द करना पड़ा। इंडिगो की चंडीगढ़ जाने वाली फ्लाइट 6E-7742, जो सुबह 5 बजकर 50 मिनट पर रवाना होती है, चंडीगढ़ में कोहरे के कारण रद्द कर दी गई। वहीं एयर इंडिया की दिल्ली जाने वाली फ्लाइट AI-1834, जो सुबह 8 बजकर 30 मिनट पर उड़ान भरती है, दिल्ली में खराब दृश्यता के चलते रद्द की गई। अंतिम समय पर उड़ानें रद्द होने से यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था करने में परेशानी हुई, हालांकि एयरलाइंस ने रिफंड की सुविधा दी।
अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट जयपुर डायवर्ट
दिल्ली में घने कोहरे के कारण एक अंतरराष्ट्रीय उड़ान को जयपुर डायवर्ट किया गया। तुर्कमेनिस्तान एयरलाइंस की फ्लाइट T-5531, जो अश्गाबात से दिल्ली जा रही थी, दिल्ली में लैंड नहीं कर सकी और इसे सुरक्षित रूप से जयपुर एयरपोर्ट पर उतारा गया। एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, दिल्ली में मौसम में सुधार होने के बाद फ्लाइट को आगे रवाना किया जाएगा।
लगातार उड़ान देरी, रद्द और डायवर्जन की घटनाओं से यात्रियों को मानसिक और शारीरिक दोनों तरह की परेशानी झेलनी पड़ी। यात्रियों ने एयरलाइंस से बेहतर सूचना व्यवस्था और समय पर अपडेट उपलब्ध कराने की मांग की है।