बलरामपुर। वाड्रफनगर के राजनीतिक परिदृश्य में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। गोंडवाना गणराज्य पार्टी को उस समय बड़ा झटका लगा, जब एक साथ 15 लोगों ने भारतीय जनता पार्टी में प्रवेश किया। विधायक शकुन्तला सिंह पोर्ते ने सभी नए सदस्यों को भाजपा की सदस्यता दिलाई।
यह ज्वाइनिंग कार्यक्रम पुल के उद्घाटन के बाद आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। भाजपा में शामिल होने वालों में स्थानीय प्रभावशाली नेता और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हैं, जिन्होंने क्षेत्र में पार्टी को मजबूत करने का भरोसा जताया।
इस अवसर पर विधायक शकुन्तला सिंह पोर्ते ने कहा कि भाजपा में शामिल हुए सभी नए सदस्य पार्टी की नीतियों से प्रेरित होकर विकास और जनकल्याण के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
इस घटनाक्रम के बाद वाड्रफनगर के राजनीतिक माहौल में बदलाव साफ दिखाई दे रहा है। गोंडवाना गणराज्य पार्टी के लिए यह घटना बड़ा झटका मानी जा रही है, जिससे स्थानीय स्तर पर उसके प्रभाव में कमी आने की संभावना जताई जा रही है।