भिलाई में ट्रैफिक जाम से राहत: केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने तीन ओवरब्रिज के प्रस्ताव को दी हरी झंडी

भिलाई नगर। वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग पर बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए विधायक रिकेश सेन की मांग पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने तीन ओवरब्रिज निर्माण के प्रस्ताव को सहमति देते हुए संबंधित विभाग को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

विधायक रिकेश सेन ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और उप मुख्यमंत्री अरुण साव को पत्र लिखकर नेहरू नगर मुख्य चौराहे से अग्रसेन चौराहे तक ओवरब्रिज निर्माण की आवश्यकता पर जोर दिया था।

नेहरू नगर चौराहे पर गंभीर ट्रैफिक जाम और प्रदूषण की समस्या

सेन ने बताया कि खुर्शीपार, पावर हाउस और सुपेला में ओवरब्रिज निर्माण से ट्रैफिक जाम में कमी आई है, लेकिन नेहरू नगर चौराहे पर ओवरब्रिज नहीं होने से शाम 6 से रात 10 बजे तक भारी जाम लगता है। दिन में भी आमजन को असुविधा होती है। जाम से वायु प्रदूषण बढ़ रहा है और क्षेत्र का एक्यूआई मानक से अधिक हो जाता है। जाम में वाहन बार-बार रुकने-चलने से अधिक हानिकारक गैसें उत्सर्जित करते हैं, जिससे ईंधन बर्बादी और ग्रीनहाउस गैसों का उत्सर्जन बढ़ता है।

वर्तमान में लोक निर्माण विभाग द्वारा सेक्टर-7 से गुरुद्वारा नेहरू नगर तक ओवरब्रिज बना है, लेकिन उतरने का स्थान गुरुद्वारा के पास होने से अधिकांश लोग इसका उपयोग नहीं करते और नेहरू नगर चौराहे की ओर जाते हैं, जिससे जाम बना रहता है। यदि ब्रिज को अग्रसेन चौराहे तक विस्तारित किया जाए तो ट्रैफिक जाम से निजात मिलेगी और पर्यावरण सुधार होगा।

केंद्रीय मंत्री की सहमति से भिलाई को तीन नए ओवरब्रिज जल्द मिलने की उम्मीद है, जो स्थानीय निवासियों के लिए बड़ी राहत की खबर है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *